रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री साय ने महात्मा गांधी के जीवन और विचारों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलते हुए पूरी दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। उनके विचारों में समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण की भावना निहित थी।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य के मार्ग पर अडिग रहते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्श आज भी जनसेवा और सामाजिक सद्भाव के लिए प्रासंगिक हैं।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का स्मरण करते हुए उनके सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री का जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री द्वारा दिया गया ‘जय जवान-जय किसान’ का मंत्र देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों तथा किसानों के योगदान को रेखांकित करता है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं आदर्श जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे। उनके विचारों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।