लोरमी के आंगन मिलन उत्सव में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री, बोले- बच्चों के अंदर अपना बचपना ढूंढता हूं
रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। लोरमी में आयोजित आंगन मिलन उत्सव में गुरुवार को उप मुख्यमंत्री अरुण साव का बच्चों के प्रति स्नेह और सहज अंदाज देखने को मिला। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में वे जमीन पर बैठकर नन्हें बच्चों के साथ खेले और उनसे बातचीत की। बच्चों को उन्होंने मिठाई और खिलौने भी बांटे। उपहार मिलते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस दौरान अरुण साव बच्चों के साथ काफी सहज नजर आए। उन्होंने कहा, “बच्चों के अंदर अपना बचपना ढूंढता हूं।” उनके साथ खेलते और बातचीत करते हुए उप मुख्यमंत्री ने बच्चों की मासूमियत और उत्साह का आनंद लिया।
बाल गीतों से गूंजा आंगनबाड़ी परिसर
आंगन मिलन उत्सव के दौरान अन्नप्राशन और गोदभराई की रस्म भी कराई गई। आंगनबाड़ी परियोजना अधिकारियों, सुपरवाइजर और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। नन्हें बच्चों ने ‘लाल टमाटर बड़े मजेदार’, ‘आंगनबाड़ी जाएंगे’ और ‘आलू कचालू बेटे कहां गए थे’ जैसे बाल गीत सुनाए। बच्चों की प्रस्तुतियों और खिलखिलाहट से कार्यक्रम स्थल का माहौल खुशनुमा हो गया।
सुपोषण चौपाल में पोषण पर चर्चा
कार्यक्रम के साथ सुपोषण चौपाल भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों और माताओं के पोषण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि स्वस्थ और सुपोषित बचपन ही मजबूत भविष्य की नींव है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के जरिए पोषण को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर पोषण के लिए सरकारी प्रयासों के साथ परिवार और समाज की भागीदारी भी जरूरी है।
अरुण साव ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस पहल की सराहना की है। कार्यक्रम के जरिए बच्चों के पोषण, आंगनबाड़ी सेवाओं और परिवार की भूमिका को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।