रायपुर, प्रधानमंत्री आवास योजना जशपुर जिले के हजारों परिवारों के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार बन रही है। कभी कच्चे मकानों और बारिश में टपकती छतों के बीच रहने वाले परिवार अब पक्के घरों में बेहतर जीवन जी रहे हैं। जिले में अब तक 1 लाख 12 हजार 948 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 96 हजार 801 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पात्र परिवारों तक पक्के आवास पहुंचाने का काम जारी है। आवास मिलने से परिवारों को मौसम की मार से सुरक्षा के साथ जीवन में स्थायित्व और सम्मान का भरोसा मिला है।
पीएम जनमन से पहाड़ी कोरवा परिवारों को मिला लाभ
विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों तक पक्के आवास और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने में प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (PM JANMAN) भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वर्ष 2023 से 2025 तक जशपुर जिले में पीएम जनमन के तहत 2,100 आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें 1,614 से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं।
इस योजना के माध्यम से पहाड़ी कोरवा परिवारों को सुरक्षित आवास के साथ पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, सड़क और दूरसंचार जैसी सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
आवास प्लस 2.0 से छूटे परिवारों को भी मिलेगा लाभ
पक्के आवास से कोई पात्र परिवार वंचित न रहे, इसके लिए आवास प्लस 2.0 के तहत जिले में पूर्व में छूटे परिवारों का सर्वेक्षण किया गया है। अब तक 1 लाख 2 हजार 371 परिवारों का सर्वे किया जा चुका है। पात्रता के आधार पर इन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित संबंधित योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना से जशपुर में आया बदलाव केवल पक्के मकानों तक सीमित नहीं है। सुरक्षित घर मिलने से परिवारों को बेहतर जीवन, बच्चों को सुरक्षित वातावरण और भविष्य के प्रति भरोसा मिला है। पीएम जनमन और आवास प्लस 2.0 के जरिए इस लाभ का दायरा दूरस्थ और जरूरतमंद परिवारों तक बढ़ाने का प्रयास जारी है।