रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में श्रद्धेय स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव जी की पुण्यतिथि पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्र, समाज और सनातन संस्कृति के प्रति जूदेव जी के अतुलनीय योगदान को स्मरण किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि श्रद्धेय दिलीप सिंह जूदेव जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र, समाज और सनातन संस्कृति की सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने जनजातीय समाज के हितों की रक्षा, उनके स्वाभिमान और सामाजिक जागरण के लिए जीवनभर कार्य किया। समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति उनकी संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें जन-जन के हृदय में विशिष्ट स्थान दिलाया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जूदेव जी का छत्तीसगढ़ की माटी और यहां के लोगों से गहरा आत्मीय संबंध था। विशेष रूप से जनजातीय अंचलों में उन्होंने समाज को संगठित करने, लोगों में आत्मविश्वास जगाने और उनकी आवाज को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक सरोकार तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति अटूट निष्ठा का प्रेरक उदाहरण है। उनके विचार, कार्य और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा सिंह जूदेव, प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी तथा छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा उपस्थित रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *