रायपुर : मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत सोमवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से श्रद्धालुओं को लेकर भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन महाराष्ट्र के लिए रवाना हुई। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से मुलाकात कर उनकी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

4 दिन की यात्रा में तीन प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन

28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलने वाली इस यात्रा में श्रद्धालु महाराष्ट्र के शिर्डी, शनि शिंगणापुर और त्र्यंबकेश्वर जाएंगे। शिर्डी में साईं बाबा मंदिर, शनि शिंगणापुर में शनिदेव के दर्शन के साथ त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिलेगा। ट्रेन के रवाना होने से पहले स्टेशन पर यात्रियों में खासा उत्साह नजर आया।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए तीर्थयात्रा का अवसर

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक अवसर है, जो लंबे समय से तीर्थयात्रा की इच्छा रखते हैं, लेकिन आर्थिक या अन्य परिस्थितियों के कारण यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रा केवल धार्मिक आस्था से जुड़ी नहीं है, बल्कि लोगों को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ने का भी माध्यम है।

उन्होंने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपनी सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की अपील की। साथ ही कहा कि सरकार की कोशिश है कि पात्र हितग्राहियों को तीर्थस्थलों तक पहुंचने और दर्शन करने के दौरान जरूरी सुविधाएं मिलें।

समाज कल्याण विभाग की योजना से मिल रहा यात्रा का अवसर

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का संचालन समाज कल्याण विभाग द्वारा किया जाता है। इसके जरिए प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों और अन्य पात्र हितग्राहियों को विभिन्न प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा का अवसर दिया जाता है।

ट्रेन की रवानगी के दौरान समाज कल्याण विभाग और रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *