रायपुर : 12 साल की उम्र में जब ज्यादातर बच्चे खेल और पढ़ाई में व्यस्त रहते हैं, वहीं रायपुर के मास्टर दिव्यांश सुल्तानिया ने लेखन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। दिव्यांश द्वारा लिखी गई पुस्तक ‘थॉट्स अबाउट गॉड’ का राज्यपाल रमेन डेका ने आज विमोचन किया।

दिव्यांश ने यह पुस्तक अपने दादा से मिली प्रेरणा के बाद लिखी है। किताब में ईश्वर और आध्यात्मिकता को लेकर एक युवा मन में उठने वाले सवालों, विचारों और समझ को सरल अंदाज में सामने रखा गया है। राज्यपाल डेका ने दिव्यांश के इस रचनात्मक प्रयास की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

दूसरी किताब में बचत और निवेश की सीख

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने दिव्यांश की आगामी पुस्तक ‘फ्रॉम पॉकेट मनी टू पोर्टफोलियो’ के कवर का भी अनावरण किया। यह पुस्तक बच्चों और युवाओं में कम उम्र से ही बचत और वित्तीय समझ विकसित करने पर केंद्रित है।

दिव्यांश अपनी इस किताब के जरिए गुल्लक से बचत की शुरुआत से लेकर बचाई गई रकम के सही इस्तेमाल और निवेश तक की बात आसान भाषा में समझाने की कोशिश कर रहे हैं।

राज्यपाल डेका ने कहा कि बच्चों में पढ़ने-लिखने के साथ नए विषयों पर सोचने की आदत उनके व्यक्तित्व को मजबूत बनाती है। उन्होंने दिव्यांश को अपनी जिज्ञासा और रचनात्मकता को बनाए रखते हुए लगातार सीखते और आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर दिव्यांश के पिता सुधीर सुल्तानिया, माता सरिता सुल्तानिया सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *