रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक एवं अभिनेता पद्मश्री डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान भारतीय इतिहास, संस्कृति, साहित्य और सिनेमा से जुड़े कई विषयों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने डॉ. द्विवेदी के रचनात्मक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने काम के जरिए भारतीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य को आम लोगों और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐतिहासिक और साहित्यिक विषयों को शोध और प्रभावशाली प्रस्तुति के साथ पर्दे पर उतारना उनके काम की खास पहचान रही है।

‘चाणक्य’ का भी हुआ जिक्र

बातचीत के दौरान दूरदर्शन के चर्चित धारावाहिक ‘चाणक्य’ का भी उल्लेख हुआ। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आचार्य चाणक्य के व्यक्तित्व, राष्ट्रबोध और राजनीतिक विचारों को डॉ. द्विवेदी ने जिस प्रभावी अंदाज में प्रस्तुत किया, वह आज भी दर्शकों के बीच याद किया जाता है।

उन्होंने कहा कि इतिहास और संस्कृति पर आधारित रचनाएं युवाओं को अपनी सभ्यता, विरासत और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का मजबूत माध्यम हैं।

छत्तीसगढ़ की संस्कृति पर भी हुई बात

मुलाकात में छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं, लोकसाहित्य और ऐतिहासिक विरासत पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता उसकी खास पहचान है और यहां की लोककला व परंपराओं में रचनात्मक कार्यों की काफी संभावनाएं हैं।

डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने मुख्यमंत्री के आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष  शशांक शर्मा, राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा सिंह जूदेव तथा प्रबल प्रताप सिंह जूदेव उपस्थित रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *