रायगढ़, सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत रायगढ़ के खर्राघाट में 29.99 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के साथ स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने केलो नदी में डुबकी लगाकर नदी को नमन भी किया।
परियोजना के तहत शनि मंदिर से खर्राघाट तक करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र का कायाकल्प किया जाएगा। सड़क के सुदृढ़ीकरण, नाली निर्माण, पैदल पथ, घाटों के विकास और नदी तट के सौंदर्यीकरण सहित कई कार्य किए जाएंगे। शनि मंदिर के पास तिराहे का चौड़ीकरण कर यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा।
8.50 एकड़ में बनेगा ऑक्सीजोन
खर्राघाट में करीब 8.50 एकड़ क्षेत्र में ऑक्सीजोन विकसित किया जाएगा। यहां सघन पौधरोपण के साथ पार्किंग, पाथवे, घाट, व्यायाम और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं विकसित होंगी। मॉर्निंग और नाइट वॉक के लिए भी बेहतर व्यवस्था की जाएगी। ऑक्सीजोन और घाट के बीच सुरक्षित आवागमन के लिए पुल के नीचे अंडरपास यानी बॉक्स कल्वर्ट बनाया जाएगा।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि खर्राघाट का विकास केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे हरियाली, स्वास्थ्य और मनोरंजन की सुविधाओं से युक्त सुव्यवस्थित सार्वजनिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खर्राघाट से शनि मंदिर की दिशा में मरीन ड्राइव विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
दो साल में पूरा होगा काम
परियोजना के लिए सीएसआर मद से 29.99 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति दी गई है। कार्य की अनुबंधित राशि 26.39 करोड़ रुपये है। कार्यादेश 24 जून 2026 को जारी किया गया था और परियोजना को दो वर्ष में पूरा किया जाना है।
कार्यक्रम के दौरान ‘लोकल फॉर वोकल’ प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका वित्त मंत्री ने अवलोकन किया। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।