कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक के बजाय ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी मांगों और स्थानीय समस्याओं को उनके सामने रखा। उप मुख्यमंत्री ने एक-एक कर समस्याओं की जानकारी ली और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
विजय शर्मा ने कहा कि पंचायत भवन केवल प्रशासनिक कार्यों का केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण स्थान है। सरकार की प्राथमिकता है कि गांव के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करना चाहिए।
पंचायत भवन से बढ़ेंगी ग्रामीणों की सुविधाएं
नवीन पंचायत भवन में ग्राम पंचायत की बैठकें, विकास कार्यों की समीक्षा, शासकीय योजनाओं की जानकारी और ग्रामीणों की समस्याओं से जुड़े कार्य संचालित किए जा सकेंगे। इससे पंचायत के प्रशासनिक कामकाज में सुविधा मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों की भागीदारी भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, विदेशी राम धुर्वे, लालचंद साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।