रायगढ़ : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दीपावली के दूसरे दिन अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम भुईयांपानी पहुंचे। यहां आयोजित दीप महोत्सव में शामिल होकर उन्होंने अपने आराध्य गुरुदेव स्वामी धनपती पंडा और श्रीमती प्रेमशीला पंडा की प्रतिमाओं के समक्ष नमन किया। मुख्यमंत्री ने गुरु गद्दी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के साथ हनुमान मंदिर, वटवृक्ष और मां दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुरुदेव का आशीर्वाद उनके जीवन में जनसेवा की सबसे बड़ी प्रेरणा रहा है। महज दस वर्ष की आयु से वे स्वामी धनपती पंडा के अनुयायी हैं। जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों और निर्णयों से पहले गुरु का आशीर्वाद लेना उनकी परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि गुरुदेव के सान्निध्य से उन्हें सेवा, सादगी और समर्पण के संस्कार मिले हैं। माता-पिता का सम्मान और उनकी सेवा करना ही जीवन की सच्ची पूर्णता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने भूमिहीन कृषि मजदूर सहायता योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के जरिए सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
भुईयांपानी और सिरकीनारा में विकास कार्यों की घोषणाएं
दीप महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम भुईयांपानी में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की योजना के तहत 7 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांस्कृतिक मंच का लोकार्पण किया। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने भुईयांपानी के शिव मंदिर, गुरुमाता मंदिर, वटवृक्ष प्रांगण और हनुमान मंदिर में स्टील रेलिंग, स्टील जाली एवं टाइल्स लगाने के कार्यों की घोषणा की।
इसके अलावा ग्राम सिरकीनारा में पंचराम भगत के घर से मुख्य मार्ग तक और पंचायत भवन से मेहत्तर सिदार के घर तक सीसी रोड निर्माण कराने की घोषणा की गई। गांधी चौक में बोरवेल और पंप स्थापना के कार्य को भी स्वीकृति देने की बात कही गई।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष ज्योति भगत, सरपंच ललिता भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह भी उपस्थित थे।