रायपुर : छत्तीसगढ़ के निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कारोबार बढ़ाने और नए व्यापारिक अवसरों से जोड़ने के लिए 12 नवंबर को राजधानी रायपुर में एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। भारत सरकार के वाणिज्य विभाग और छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग विभाग के सहयोग से यह कार्यक्रम होटल बेबीलोन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड में सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा। कार्यशाला का विषय ‘मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाना’ (Leveraging Free Trade Agreements – FTAs) रखा गया है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश के वर्तमान और संभावित निर्यातकों को भारत के विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों के तहत मिलने वाले कारोबारी अवसरों की जानकारी देना है। इसके माध्यम से निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। कार्यशाला में यूनाइटेड किंगडम (UK), ओमान, न्यूजीलैंड, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के बाजारों पर विशेष फोकस रहेगा। इन समझौतों के तहत भारतीय उत्पादों को कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में शून्य या रियायती आयात शुल्क का लाभ मिल सकता है। इससे छत्तीसगढ़ के निर्यातकों को अपने उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने और नए खरीदारों तक पहुंच बनाने के अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम में भारत सरकार के वाणिज्य विभाग, भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) और छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं विशेषज्ञों की उपस्थिति अपेक्षित है। कार्यशाला के दौरान निर्यात से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा की जाएगी, जिससे प्रदेश के कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार की प्रक्रियाओं को समझने में मदद मिलेगी। क्षेत्रवार सत्रों में निर्यात की संभावनाओं पर होगी चर्चा कार्यशाला में अलग-अलग क्षेत्रों के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें संभावित निर्यात उत्पादों, उत्पत्ति के नियम (Rules of Origin), गैर-शुल्क बाधाओं और मुक्त व्यापार समझौतों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर व्यावहारिक चर्चा होगी। इन सत्रों के जरिए निर्यातकों को समझाया जाएगा कि वे उपलब्ध व्यापारिक समझौतों का लाभ उठाकर विदेशी बाजारों में अपने उत्पादों का निर्यात किस तरह बढ़ा सकते हैं।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *