4078145881738806504
14271021545470334915
ब्रेकिंग न्यूज़

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित युवा अधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भाव के साथ जनसेवा करें तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है।

राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मंगलवार को छत्तीसगढ़ से अखिल भारतीय सेवाओं (AIS) में चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं में चयन केवल अभ्यर्थियों और उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर मिलता है। यह जिम्मेदारी ईश्वर का आशीर्वाद और समाज का विश्वास है, जिसे पूरी निष्ठा के साथ निभाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में युवा प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास जताया कि सभी चयनित अभ्यर्थी अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता और सेवा भावना के बल पर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से अपने अनुभव साझा किए और उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

सौजन्य मुलाकात के दौरान सुश्री सुष्मिता सिंह, सुश्री वैभवी अग्रवाल, सुश्री दर्शना सिंह बघेल, श्री रौनक अग्रवाल, श्री अजय गुप्ता, श्री अंकित सकनी, श्री डायमंड ध्रुव एवं श्री संजय डहरिया सहित उनके परिजन भी उपस्थित रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *