4078145881738806504
14271021545470334915

रायपुर : छत्तीसगढ़ में हर घर नल से स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा की। मंत्रालय महानदी भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध पूर्णता के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं का समय बचेगा, जलजनित बीमारियों में कमी आएगी और ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को भी बढ़ावा मिलेगा।

31 अगस्त तक पूर्ण योजनाओं का होगा भौतिक सत्यापन

मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण हो चुकी और हस्तांतरित योजनाओं का 31 अगस्त तक भौतिक सत्यापन कर भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि अधूरी योजनाओं को हर हाल में 31 दिसंबर तक पूरा किया जाए।

उन्होंने सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने और कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

जलस्रोत संरक्षण और रिचार्ज पर रहेगा जोर

बैठक में मुख्य सचिव ने जलस्रोतों के संरक्षण और नए स्रोतों की पहचान पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में जलस्रोतों का आकलन कर संरक्षण एवं रिचार्ज व्यवस्था विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि जहां वर्तमान जलस्रोतों से पेयजल उपलब्ध कराना संभव नहीं है, वहां वैकल्पिक स्रोतों की जल्द पहचान कर कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही वीबी-जी राम जी, जिला खनिज न्यास (DMF), सांसद निधि, विधायक निधि, CSR और अन्य उपलब्ध संसाधनों से योजनाओं को पूरा करने के लिए वित्तीय व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

हर घर जल के लिए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

मुख्य सचिव विकासशील ने सभी जिलों को गांवों को इकाई मानकर शत-प्रतिशत नल जल कवरेज सुनिश्चित करने और हर घर जल के लिए नए लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला जल एवं स्वच्छता समितियों की नियमित मासिक बैठक आयोजित करने, बैठक की कार्यवाही विभागीय पोर्टल पर समय पर अपलोड करने और जल जीवन मिशन की लगातार निगरानी करने को कहा।

मुख्य सचिव ने कहा कि बेहतर योजना, प्रभावी समन्वय और मिशन मोड में काम करते हुए राज्य के प्रत्येक परिवार तक समयबद्ध रूप से नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक, सभी जिलों के कलेक्टर और विभागीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *