कोण्डागांव : शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्राओं को स्कूल तक आसान पहुंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार की सरस्वती साइकिल प्रदाय योजना के तहत कोण्डागांव जिले में 238 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गईं। मड़ानार और मर्दापाल में आयोजित कार्यक्रमों में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री ने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य दूर-दराज क्षेत्रों की छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा देना और उन्हें नियमित पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है।

मड़ानार और मर्दापाल में छात्राओं को मिला योजना का लाभ

मड़ानार में आयोजित कार्यक्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मड़ानार, सोनाबाल और गोलावंड की 57 छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई।

वहीं मर्दापाल में मर्दापाल, हसलनार, मटवाल, कांगा, नवागांव और खड़पड़ी क्षेत्र की 181 छात्राओं को योजना का लाभ मिला।

सरस्वती साइकिल प्रदाय योजना के तहत कक्षा 9वीं में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और बीपीएल परिवारों की छात्राओं को स्कूल आने-जाने के लिए निःशुल्क साइकिल उपलब्ध कराई जाती है।

छात्राओं से मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई की अपील

वन मंत्री केदार कश्यप ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई कर अपने सपनों को पूरा करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। मंत्री ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को किया याद

मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी में बस्तर के वीर सेनानियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से देशभक्ति की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

विकास और शांति की दिशा में आगे बढ़ रहा बस्तर

केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बस्तर क्षेत्र तेजी से विकास और शांति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने क्षेत्र में शांति स्थापना के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *