रायपुर : छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के तहत घर-घर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे 17 सितंबर की शाम अपने घर में दीप जलाकर इस पहल से जुड़ें और सेवा, आभार व सकारात्मकता का संदेश दें।
सिर्फ दीप जलाने तक सीमित नहीं रहेगा अभियान
राजेश अग्रवाल ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ को केवल दीप जलाने की पहल न मानकर इसे किसी सकारात्मक सेवा कार्य के संकल्प से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने लोगों से जरूरतमंद की मदद, बुजुर्गों के सम्मान, बच्चों की शिक्षा में सहयोग, पौधरोपण, जल संरक्षण या स्वच्छता जैसे कार्यों को अपने संकल्प का हिस्सा बनाने की अपील की।
उनके मुताबिक सेवा के लिए बड़े संसाधनों से ज्यादा संवेदनशीलता और सहयोग की भावना जरूरी है।
महीनेभर चलेंगी अलग-अलग गतिविधियां
सेवा संकल्प अभियान के दौरान समाज के अलग-अलग वर्गों को जोड़ने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’ और ‘सेवा संकल्प यात्रा’ जैसी पहल शामिल हैं।
इसके अलावा ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ के जरिए भी जनभागीदारी बढ़ाने की योजना है।
हर परिवार से सेवा का एक संकल्प लेने की अपील
मंत्री ने कहा कि अभियान की सफलता लोगों की भागीदारी से जुड़ी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे दीप जलाने के साथ सेवा का एक संकल्प लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि एक छोटा सेवा कार्य भी किसी जरूरतमंद के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। ‘आशीर्वाद का दीया’ के जरिए अभियान की शुरुआत को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।