रायपुर : सूरजपुर जिले के भैयाथान क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में दो बड़े प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने 34 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले सड़क निर्माण और उन्नयन कार्यों का भूमिपूजन किया।
इन सड़कों के बनने से ग्रामीण इलाकों में आवागमन आसान होने के साथ लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और दूसरी जरूरी सुविधाओं तक पहुंच बेहतर होने की उम्मीद है।
30 करोड़ से बनेगी 18 किमी सड़क
कार्यक्रम के दौरान डुमरिया राष्ट्रीय राजमार्ग-43 से केंवरा मार्ग के चौड़ीकरण और उन्नयन कार्य की शुरुआत की गई। करीब 30.41 करोड़ रुपये की लागत से 18 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को चौड़ा किया जाएगा।
प्रोजेक्ट में बिटुमिनस कंक्रीट और शोल्डर के काम के अलावा 6,570 मीटर नाली, 300 मीटर टो-वॉल, 140 मीटर रिटेनिंग वॉल, 8 एचपीसी और 7 स्लैब पुलियों का निर्माण भी शामिल है। सड़क के उन्नयन से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की राष्ट्रीय राजमार्ग से कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
झम्मनपारा को मिलेगी नई सड़क
दूसरा काम दर्रीपारा-दनौली मार्ग से झम्मनपारा तक 3.20 किलोमीटर सड़क निर्माण का है। इसके लिए 374.76 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
इस प्रोजेक्ट में 3.20 किलोमीटर सड़क के साथ 0.90 किलोमीटर सीसी रोड, 1,200 मीटर नाली, 90 मीटर रिटेनिंग वॉल और 6 एचपीसी पुलियों का निर्माण किया जाएगा। इससे झम्मनपारा और आसपास के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
मंत्री ने गुणवत्ता और समय पर काम पूरा करने के दिए निर्देश
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधा हैं। बेहतर सड़क नेटवर्क से गांवों की कनेक्टिविटी बढ़ने के साथ किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम लोगों को फायदा मिलता है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को सड़क कार्य समय-सीमा के भीतर और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान में भागीदारी की अपील
कार्यक्रम में मंत्री ने लोगों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने की अपील भी की। उन्होंने नागरिकों, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।