रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम ने शानदार हवाई करतबों का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस अवसर पर आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल में शामिल हुए। आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम के जवानों ने अपने अद्भुत साहस, अनुशासन और कौशल से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के जवानों के पैराशूट प्रदर्शन से हुई। जवानों ने आसमान से छलांग लगाकर निर्धारित स्थान पर सफल लैंडिंग की। इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे उतरकर रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टरों का हवाई प्रदर्शन रहा। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में हेलीकॉप्टरों ने आकर्षक फॉर्मेशन, क्रॉसओवर और कई रोमांचकारी करतब प्रस्तुत किए। हेलीकॉप्टरों के बीच शानदार तालमेल और सटीक नियंत्रण ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रदर्शन के दौरान सारंग टीम के कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष भी किया गया। वहीं ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सारंग टीम का कौशल अनुशासन, आपसी विश्वास, टीम भावना और उत्कृष्टता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। उल्लेखनीय है कि 2 नवंबर को सेंध लेक में भारतीय वायु सेना की सारंग टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन आयोजित होगा। इस आयोजन में प्रदेशवासियों को एक बार फिर आकाशगंगा, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम के रोमांचकारी प्रदर्शन देखने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *