4078145881738806504
14271021545470334915

गरियाबंद : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गरियाबंद जिले के अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। भगवान श्री जगन्नाथ सबको साथ लेकर चलने और लोककल्याण का संदेश देते हैं।

मुख्यमंत्री साय बुधवार को अमलीपदर में आयोजित भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।

सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ लगातार काम कर रही है। शासन की प्राथमिकता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।

उन्होंने कहा कि सरकार आम लोगों की आर्थिक परेशानियों को कम करने और उन्हें राहत देने के लिए संवेदनशील निर्णय ले रही है।

बिजली बिल समाधान योजना की अवधि सितंबर तक बढ़ी

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि बढ़ाकर सितंबर तक कर दी गई है। पहले इसकी अंतिम तिथि जून तक निर्धारित थी, लेकिन उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसमें तीन महीने की बढ़ोतरी की गई है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

महतारी वंदन योजना से महिलाओं का बढ़ा आत्मविश्वास

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह राशि सीधे भेजी जा रही है, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में योगदान दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्त होना विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।

42 हजार से अधिक शिकायतों का हुआ समाधान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि शासन को प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है और अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है।

बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा

क्षेत्रवासियों की मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुल बनने से ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बाजार तक पहुंच आसान होगी।

बच्चों से किया संवाद, सेल्फी लेकर बढ़ाया उत्साह

रथयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं को लेकर बातचीत की तथा उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने उनके साथ सेल्फी भी ली।

रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। धार्मिक अनुष्ठानों, भक्ति संगीत और जयघोषों से पूरा अमलीपदर भक्तिमय माहौल में नजर आया। कार्यक्रम में कलेक्टर बी.एस. उईके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *