रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार एवं प्रख्यात बांस वादक श्री विक्रम यादव के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उनके समुचित उपचार के लिए जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने परिजनों से दूरभाष पर चर्चा कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बुधवार सुबह विक्रम यादव के परिजनों से फोन पर बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके बेहतर इलाज और हर आवश्यक सहायता के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है तथा उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव कलेक्टर से भी दूरभाष पर चर्चा कर उपचार की अद्यतन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में विक्रम यादव का बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए और जरूरत के अनुसार सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रम यादव केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं। उन्होंने अपनी विशिष्ट बांस वादन शैली के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार लोक कलाकारों के सम्मान, संरक्षण और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बांस वादक विक्रम यादव वर्तमान में अस्वस्थ हैं और उनका उपचार राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में जारी है।