रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में प्रदेश का नाम रोशन करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। उत्कृष्ट खेल मिशन के लिए इस वर्ष 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में खेलों के विकास के लिए आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है, ताकि छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य पदकों सहित कुल 19 पदक हासिल किए थे।
पदक विजेता खिलाड़ियों में निकिता ने भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं रिषिका कश्यप ने भारोत्तोलन, अनुष्का भगत ने तैराकी तथा लक्ष्मण सोढ़ी, अभिषेक, डमरू कुमार, गजेन्द्र ठाकुर और तिलक बारसे ने एथलेटिक्स में रजत पदक प्राप्त किए थे। मनीष कुमार ने एथलेटिक्स, निखिल खलको ने तैराकी और लक्की बाबू ने भारोत्तोलन में कांस्य पदक जीते थे।
मुख्यमंत्री ने स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को 2 लाख रुपए, रजत पदक विजेताओं को 1.5 लाख रुपए और कांस्य पदक विजेताओं को 1 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किए।
टीम खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला फुटबॉल टीम को 22 लाख रुपए, रजत पदक विजेता पुरुष फुटबॉल टीम को 16.5 लाख रुपए और कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम को 9 लाख रुपए की राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में प्राप्त सुझावों और निष्कर्षों को शामिल कर खेलों के विकास के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।