4078145881738806504
14271021545470334915

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव निवासी एवं छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी यादव को रजत पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता वर्षों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और छत्तीसगढ़ का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले भी उनकी ज्ञानेश्वरी यादव से मुलाकात हुई थी और आज उनकी सफलता पर बातचीत कर उन्हें अत्यंत खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि अपनी मेहनत, समर्पण और लगन से ज्ञानेश्वरी ने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का सम्मान बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश की खेल प्रतिभाएं विश्व स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

ज्ञानेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री के स्नेह, प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आशीर्वाद और प्रदेशवासियों का समर्थन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।

उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव निवासी ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक के पद पर सेवाएं दे रही हैं। खेल और सेवा दोनों क्षेत्रों में उनका समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक जीतकर उन्होंने भारत और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *