67.40 लाख से अधिक पात्र महिलाओं के खातों में 632.63 करोड़ रुपये अंतरित, त्योहार से पहले हितग्राहियों में उत्साह
रायपुर, दीवाली से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं के मोबाइल पर बैंक खाते में राशि जमा होने का संदेश खुशियां लेकर आया। राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना के तहत 33वीं किस्त जारी कर दी गई है। राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में यह राशि जारी की। इसके तहत प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये अंतरित किए गए।
योजना की किस्त जारी होने से महिलाओं और उनके परिवारों में त्योहार से पहले उत्साह का माहौल है। ई-केवाईसी पूरी करा चुकीं 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राहियों को इसका लाभ मिला। वहीं नियद नेल्ला नार कैंप क्षेत्रों की 6,908 महिलाओं को भी 33वीं किस्त प्रदान की गई। योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, ताकि वे अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी भागीदारी निभा सकें।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से 10 मार्च 2024 को महतारी वंदन योजना की शुरुआत की थी। इसके माध्यम से 67 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में हर महीने एक हजार रुपये की राशि भेजी जाती है। योजना की 33वीं किस्त जारी होने के साथ अब तक पात्र हितग्राहियों के खातों में कुल 21 हजार 350.50 करोड़ रुपये अंतरित किए जा चुके हैं।
योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए दैनिक जरूरतों को पूरा करने के साथ त्योहारों और विशेष अवसरों की तैयारियों में भी मददगार बन रही है। महिलाएं अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार खरीदारी कर पा रही हैं। इसका असर स्थानीय बाजारों में भी दिखाई दे रहा है। महिलाओं की क्रय क्षमता बढ़ने से व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ने से परिवार के खर्चों में उनकी भूमिका मजबूत हो रही है और परिवार के मुखिया पर आर्थिक बोझ कम करने में भी मदद मिल रही है। हितग्राही महिलाएं योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार जता रही हैं।
दरअसल, किसी महिला के खाते में पहुंचने वाली यह राशि केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है। यह उसे अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों के फैसले लेने का अवसर देती है और परिवार में उसकी आर्थिक भागीदारी को मजबूत करती है। आर्थिक सहयोग से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और परिवारों को संबल देने की दिशा में महतारी वंदन योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।