अब 3 जनवरी 2027 को होगी परीक्षा, CTET के आयोजन को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बदली तिथि
रायपुर, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने राष्ट्रीय साधन सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा 2026-27 की तारीख में संशोधन किया है। पहले यह परीक्षा दिसंबर 2026 में आयोजित होनी थी, लेकिन अब इसे 3 जनवरी 2027, रविवार को प्रदेश के निर्धारित परीक्षा केंद्रों में आयोजित किया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ओर से 12 और 13 दिसंबर 2026 को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (CTET) आयोजित की जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय साधन सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा की तिथि में बदलाव किया गया है।
मंडल ने संशोधित अधिसूचना जारी कर परीक्षा की नई तारीख 3 जनवरी 2027 निर्धारित की है। परीक्षा प्रदेश के पूर्व निर्धारित केंद्रों में आयोजित की जाएगी।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को संशोधित तिथि की जानकारी परीक्षार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही परीक्षा के सुचारु आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।
परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा की नई तारीख को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करें। परीक्षा से संबंधित आधिकारिक जानकारी के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल की संशोधित अधिसूचना देखी जा सकती है।