‘Best Emerging Tourist Destination’ अवॉर्ड से बढ़ा प्रदेश का गौरव

रायपुर,  छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय पर्यटन मंच पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। विशाखापट्टनम में आयोजित 41वें इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO) Annual Convention में प्रदेश की प्राकृतिक खूबसूरती, सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं और ऐतिहासिक स्थलों को देशभर के ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स के सामने प्रस्तुत किया गया। सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ को ‘Best Emerging Tourist Destination’ सम्मान भी मिला।

10 से 13 सितंबर तक नोवोटेल वरुण बीच, विशाखापट्टनम में आयोजित इस चार दिवसीय सम्मेलन की थीम ‘भारत—विश्व के पर्यटन अवसरों का अगला बड़ा केंद्र’ रही। देशभर से पर्यटन विभागों, टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े प्रतिनिधियों ने इसमें हिस्सा लिया। सम्मेलन में नए पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटन कारोबार को बढ़ाने और भारत को वैश्विक पर्यटन केंद्र बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

प्राकृतिक और सांस्कृतिक विविधता बनी आकर्षण

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं को वीडियो प्रेजेंटेशन के जरिए सामने रखा गया। इसमें बस्तर के जलप्रपात और जंगल, सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत, दंतेवाड़ा की धार्मिक आस्था, जनजातीय संस्कृति, वन्यजीव और साहसिक पर्यटन स्थलों की झलक दिखाई गई।

ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स को छत्तीसगढ़ को अपने नए ट्रैवल इटिनरी में शामिल करने के लिए आमंत्रित किया गया। पर्यटन बोर्ड की ओर से प्रदेश में विकसित किए जा रहे नए पर्यटन स्थलों और पर्यटन से स्थानीय समुदायों को जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाने की संभावनाओं की जानकारी भी दी गई।

टूरिज्म बोर्ड के पवेलियन में B2B मीटिंग

सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के पवेलियन में ट्रैवल ट्रेड से जुड़े लोगों की अच्छी भागीदारी रही। कई एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स ने पवेलियन पहुंचकर पर्यटन प्रतिनिधियों के साथ B2B बैठकें कीं। इस दौरान पर्यटन पैकेज, डेस्टिनेशन और नए इटिनरी को लेकर चर्चा हुई।

11 और 12 सितंबर को आयोजित भारतीय पर्यटन मेले में भी विभिन्न राज्यों के पर्यटन विभागों और ट्रैवल ट्रेड से जुड़े प्रतिनिधियों के बीच कारोबारी संपर्क और बैठकें हुईं। इससे छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को नए बाजारों तक पहुंचाने के अवसर बढ़े हैं।

‘Best Emerging Tourist Destination’ से बढ़ा उत्साह

13 सितंबर को आयोजित सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ को ‘Best Emerging Tourist Destination’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के प्रतिनिधियों ने यह सम्मान प्राप्त किया।

यह उपलब्धि प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ पर्यटन क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान को दर्शाती है। साथ ही इससे देशभर के ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स के बीच छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को लेकर रुचि बढ़ने की उम्मीद है।

सम्मेलन में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू, आंध्र प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं छायांकन मंत्री कंदुला दुर्गेश सहित पर्यटन और यात्रा उद्योग से जुड़े कई प्रतिनिधि मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने भी सम्मेलन में भाग लेकर प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर सामने रखा।

प्रकृति, इतिहास, धर्म, जनजातीय संस्कृति, वन्यजीव और लोक परंपराओं की विविधता छत्तीसगढ़ को अलग पहचान देती है। IATO के इस सम्मेलन में मिली राष्ट्रीय पहचान और सम्मान को प्रदेश के पर्यटन को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में अहम उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *