रायपुर। छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन को जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 जनता के लिए महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभर रही है। इस डिजिटल पहल के जरिए अब लोगों को सरकारी सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। घर बैठे टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराकर उसके निराकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सीएम हेल्पलाइन 1076 और प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शिकायतों का उद्देश्य केवल पोर्टल पर उन्हें बंद करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को वास्तविक और संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को अपनी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े। अच्छा काम करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लगातार लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय की जाएगी।
24 घंटे सक्रिय है हेल्पलाइन, 49 विभाग जुड़े
सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिक सरकारी सेवाओं और जनसमस्याओं से संबंधित शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। यह कॉल सेंटर सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे संचालित होता है। राज्य शासन के 49 विभागों के लगभग 8 हजार अधिकारी इस व्यवस्था से जुड़े हैं। वहीं, 1195 श्रेणियों में शिकायतों के निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण की व्यवस्था की गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अब तक कुल 2 लाख 45 हजार 376 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें से 2 लाख 10 हजार 649 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। इस तरह कुल शिकायतों में से 85.85 प्रतिशत का समाधान हुआ है, जबकि 34 हजार 727 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है।
बिजली, राजस्व, पेंशन से लेकर पेयजल तक की शिकायतें
हेल्पलाइन पर आम जनता बिजली आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मर, बिजली बिल में गड़बड़ी, जमीन के नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र में देरी जैसी समस्याओं की शिकायत कर सकती है। इसके अलावा राशन कार्ड, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, पेयजल, सड़क, पेंशन और प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई नहीं होने जैसी समस्याओं को भी दर्ज कराया जा सकता है। इससे विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को एक ही माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की सुविधा मिल रही है।
शिकायतों के समाधान से लोगों को मिली राहत
सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से कई लोगों की समस्याओं का समाधान भी किया गया है। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ क्षेत्र के ग्राम भवतरा निवासी देवेंद्र दिनकर की राशन कार्ड संबंधी शिकायत पर त्रुटि सुधार कर कार्ड दोबारा सक्रिय किया गया। कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल क्षेत्र में खराब सोलर पंप को क्रेडा विभाग ने कुछ ही घंटों में ठीक कराया। वहीं, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध रेत और गिट्टी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग ने 8 ट्रैक्टर जब्त किए।
इसी तरह महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र में खिरोद कुमार साव की इलेक्ट्रिक वाहन सब्सिडी से जुड़ी लंबित समस्या का समाधान कर राशि उपलब्ध कराई गई। जशपुर जिले के तपकरा में त्रिपुरारी शर्मा की बंद वृद्धावस्था पेंशन बहाल की गई। वहीं, ओम प्रकाश की शिकायत पर जल प्रदाय योजना के तहत नया मोटर स्थापित किया गया, जिससे करीब 200 परिवारों को पेयजल की सुविधा मिली। सरगुजा जिले की छात्रा आराधना सिंह के आधार कार्ड में जन्मतिथि सुधारने से उनकी उच्च शिक्षा का रास्ता आसान हुआ।
सीएम हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों को पंजीकृत कर यूनिक रजिस्ट्रेशन नंबर दिया जाता है, जिससे उनकी स्थिति पर नजर रखी जा सकती है। उच्च स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग से संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होती है। इस पहल से प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद का एक सीधा माध्यम तैयार हुआ है। सरकार का उद्देश्य इस व्यवस्था के जरिए अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना और शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।