रायपुर, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने पर छत्तीसगढ़ के 24 लाख 59 हजार 707 किसानों के बैंक खातों में 498 करोड़ 48 लाख रुपये अंतरित किए गए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के किसानों को अब तक इस योजना के तहत कुल 11 हजार 776 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है। वहीं, देशभर में 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,690 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है। उन्होंने कहा कि यह सहायता विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों के लिए आर्थिक संबल है। सीएम साय ने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र खोले जा रहे हैं। राज्य सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदेगी। उन्होंने कहा कि किसानों को उपज बेचने में परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने चक्रवात ‘अर्नब’ से प्रभावित किसानों को भी राहत का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि फसल क्षति का सर्वे कराने के निर्देश सभी जिला कलेक्टरों को दिए गए हैं। सर्वेक्षण के बाद आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के अनुसार पात्र किसानों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्यपालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहब सहित जनप्रतिनिधि, कृषि विशेषज्ञ, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *