रायपुर,  बीजापुर के एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार की शिकायत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संज्ञान लिया है। उन्होंने बीजापुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को मामले की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। दुर्व्यवहार या उत्पीड़न की शिकायत मिलते ही संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ बिना देरी के कानूनी कार्रवाई की जाए।

सभी बालिका छात्रावासों की होगी समीक्षा

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को बालिका छात्रावासों, आश्रमों और आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर नियमित रूप से इन संस्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रोटोकॉल, कर्मचारियों की उपस्थिति और शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था जांचेंगे।

उन्होंने कहा कि छात्राओं को ऐसा सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए, जहां वे बिना किसी डर या संकोच के अपनी बात अधिकारियों और प्रबंधन तक पहुंचा सकें। शिकायतों को दबाने, छिपाने या कार्रवाई में देरी करने की स्थिति में संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है। नियमित निरीक्षण, छात्राओं से संवाद और प्रभावी निगरानी के जरिए असुरक्षित परिस्थितियों को पहले ही पहचानकर रोकना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रभावित छात्राओं को काउंसलिंग और अन्य आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाए। प्रदेश के हर आवासीय विद्यालय और छात्रावास में बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *