केंद्रीय जेल में 25 महिला बंदिनियों के लिए ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूशन की शुरुआत
रायपुर, केंद्रीय जेल रायपुर में छत्तीसगढ़ की पहली महिला खुली जेल (Women Open Correctional Institution) का शुभारंभ किया गया। डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, महिला ओपन जेल प्रभारी खुशबू मिश्रा सहित जेल विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ में पहली बार महिला बंदिनियों के लिए इस तरह की खुली जेल शुरू की गई है। केंद्रीय जेल रायपुर में उपलब्ध अधोसंरचना का उपयोग करते हुए यह सुविधा विकसित की गई है। यहां फिलहाल 25 महिला बंदिनियों को रखा जाएगा।
रोजगार के लिए जेल परिसर से बाहर जाने की सुविधा
खुली जेल में रहने वाली महिला बंदिनियां सुबह विभिन्न कार्यों के लिए जेल परिसर से बाहर जा सकेंगी और दिनभर काम करने के बाद शाम को लॉकअप से पहले वापस जेल लौटेंगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य महिला बंदिनियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
महिला बंदिनियों के लिए जेल की ऊंची दीवारों के बाहर मंदिर के पास स्थित परिसर में सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर और जेल उत्पादों के बिक्री केंद्र में रोजगार की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा उनके लिए रोजगार के अन्य वैकल्पिक साधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
महिला खुली जेल की यह व्यवस्था बंदिनियों को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने के साथ उनके पुनर्वास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।