रायपुर : महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपना जन्मदिन सूरजपुर जिले के ग्राम लटोरी के नवापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के साथ मनाया। इस अवसर पर आयोजित न्योता भोज में मंत्री ने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन किया। कार्यक्रम में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी भी मौजूद रहे।

मंत्री के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचते ही बच्चों ने ‘हैप्पी बर्थडे टू यू’ गीत गाकर उनका स्वागत किया। बच्चों के इस प्यार भरे अंदाज से पूरा माहौल खुशनुमा हो गया। मंत्री ने बच्चों के बीच बैठकर उनसे बातचीत की और उनका परिचय जाना। इस दौरान बच्चों ने ‘मछली जल की रानी है’, ‘आलू कचालू’ और ‘तितली रानी’ जैसी कविताएं सुनाकर सभी का मन मोह लिया।

बच्चों को सिखाया स्वच्छता का महत्व

बच्चों से बातचीत के दौरान मंत्री ने उन्हें साफ-सफाई और अच्छी आदतों के बारे में भी समझाया। उन्होंने बच्चों से पूछा कि चॉकलेट खाने के बाद उसका रैपर कहां डालना चाहिए। इस पर बच्चों ने एक साथ जवाब दिया कि रैपर डस्टबिन में डालना चाहिए। मंत्री ने बच्चों की सराहना करते हुए आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर किया भोजन

न्योता भोज में बच्चों के लिए चावल, दाल, खीर, पूड़ी, छोला और मुनगा भाजी सहित कई व्यंजन तैयार किए गए थे। भोजन से पहले बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन मंत्र का पाठ किया। इसके बाद मंत्री ने स्वयं बच्चों को भोजन परोसा और उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया।

भोजन के बाद मंत्री ने सभी बच्चों को टॉफियां और उपहार भी दिए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान मंत्री ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनकी प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

आंगनबाड़ी केंद्रों में न्योता भोज का उद्देश्य समुदाय को बच्चों के पोषण, देखभाल और समग्र विकास से जोड़ना है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपना जन्मदिन बच्चों के बीच मनाकर इस पहल में सहभागिता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *