रायपुर : छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए राजधानी रायपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में 88.76 करोड़ रुपये की लागत से श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को संस्थान परिसर में इस केंद्र की आधारशिला रखी। यहां युवाओं को आधुनिक तकनीक से जुड़ा प्रशिक्षण, अनुसंधान और अपने व्यावसायिक विचारों को स्टार्टअप में बदलने के लिए जरूरी सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर अवसर, आधुनिक संसाधन और उचित मार्गदर्शन देने की है। सरकार ऐसा वातावरण तैयार कर रही है, जिससे युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए दूसरे बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े। वे प्रदेश में ही नए आविष्कार करें, उद्योग स्थापित करें और रोजगार देने वाले उद्यमी बनें।

रामदेव अग्रवाल ने माता की स्मृति में दिया योगदान

इस सेंटर की स्थापना प्रख्यात उद्यमी रामदेव अग्रवाल की पहल पर उनकी माता श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल की स्मृति में की जा रही है। करीब 88.76 करोड़ रुपये की इस परियोजना में मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन की ओर से 71 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस पहल को शिक्षा और समाजसेवा से जुड़ा प्रयास बताते हुए रामदेव अग्रवाल का अभिनंदन किया।

उन्होंने कहा कि यह केंद्र केवल एक भवन नहीं होगा, बल्कि युवाओं को अपने विचारों पर अनुसंधान करने, तकनीकी समाधान विकसित करने और उन्हें व्यावसायिक स्वरूप देने का अवसर प्रदान करेगा। इससे प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी समाधान विकसित करने में भी मदद मिलेगी।

सात आधुनिक प्रयोगशालाओं में होगा तकनीकी अनुसंधान

NIT रायपुर परिसर में लगभग 6,525 वर्गमीटर भूखंड पर बनने वाले इस केंद्र का कुल निर्मित क्षेत्रफल करीब 12,307 वर्गमीटर होगा। बेसमेंट, भूतल और छह मंजिलों वाले भवन में सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन, डेटा एनालिटिक्स एवं कंप्यूटिंग, ब्लॉकचेन एवं साइबर सुरक्षा, थ्री-डी प्रिंटिंग, एआर-वीआर एवं इंटरनेट ऑफ थिंग्स तथा क्लीनटेक एवं सस्टेनेबिलिटी से जुड़ी लैब शामिल होंगी।

इसके अलावा केंद्र में स्टार्टअप इन्क्यूबेशन, को-वर्किंग स्पेस, स्मार्ट क्लासरूम, कॉन्फ्रेंस हॉल और प्रदर्शनी क्षेत्र भी विकसित किए जाएंगे। यहां युवाओं को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, प्रोटोटाइप तैयार करने की सुविधा और निवेशकों से जुड़ने के अवसर मिलेंगे। इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक और आईटीआई के विद्यार्थी भी प्रशिक्षण एवं कौशल विकास का लाभ उठा सकेंगे।

विद्यार्थियों के तकनीकी नवाचारों का किया अवलोकन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने NIT रायपुर के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न स्टार्टअप और तकनीकी मॉडलों को देखा। विद्यार्थियों ने AI आधारित कचरा प्रबंधन, दवाइयों की होम डिलीवरी, औद्योगिक उपकरणों में खराबी की पहचान और हेलमेट के जरिए सड़क सुरक्षा से जुड़े समाधान प्रस्तुत किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक का वास्तविक लाभ तभी है, जब उससे आम लोगों की समस्याओं का समाधान हो। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने नवाचारों को केवल शैक्षणिक परियोजनाओं तक सीमित न रखकर सफल स्टार्टअप और उद्यमों में बदलने के लिए प्रेरित किया।

स्टार्टअप और AI मिशन के लिए 500-500 करोड़ का प्रावधान

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री AI मिशन के लिए भी 500 करोड़ रुपये के निवेश का निर्णय लिया गया है। AI मिशन के तहत 100 डेटा लैब और पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेमीकंडक्टर इकाइयों और AI डेटा सेंटर पार्क के विकास की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इन पहलों से युवाओं के लिए नई तकनीकों और उद्यमिता के क्षेत्र में अवसर बढ़ेंगे। बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं तक भी आधुनिक तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास की सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस आने वाले समय में प्रदेश में अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *