रायपुर : छत्तीसगढ़ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग को बढ़ावा देने और सरकारी कामकाज को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल शुरू की है। इसके तहत रायपुर, दुर्ग, सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर संभाग में पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे। साथ ही पहले वर्ष में 20 AI डेटा लैब भी तैयार की जाएंगी। इस योजना के तहत प्रदेश के करीब 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों को AI के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ AI मिशन की पहली स्टीयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य में AI आधारित तकनीकी विकास, सुशासन और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की गई। रायपुर में NIT और IIIT नया रायपुर के सहयोग से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के संचालन की दिशा में काम किया जा रहा है।
पहले चरण में 15 हजार कर्मचारियों को प्रशिक्षण
सरकारी विभागों में AI तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया जाएगा। इसके पहले चरण में NIT, IIIT और IIM जैसे संस्थानों के माध्यम से 15 हजार शासकीय सेवकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से कुल 1.5 लाख कर्मचारियों और अधिकारियों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे प्रशासनिक कामकाज में तकनीक का बेहतर उपयोग और सरकारी सेवाओं की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
छात्रों और युवाओं के लिए भी तैयार होंगे AI पाठ्यक्रम
AI मिशन के तहत स्कूली विद्यार्थियों, उच्च शिक्षा संस्थानों और तकनीकी शिक्षा से जुड़े छात्रों के लिए विशेष प्रशिक्षण पाठ्यक्रम और डिजिटल अध्ययन सामग्री विकसित की जाएगी। पहले वर्ष में हजारों युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ने की योजना है। इसके अलावा राज्य के शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर अनुसंधान परियोजनाओं को अनुदान देने तथा चेयर और फेलोशिप शुरू करने के प्रस्ताव भी शामिल किए गए हैं।
विभागों के समन्वय से बनेगी कार्ययोजना
बैठक में मुख्य सचिव ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न सरकारी विभागों की जरूरतों और उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए AI के इस्तेमाल की कार्ययोजना तैयार की जाए। मिशन के माध्यम से तकनीकी अनुसंधान, नवाचार और प्रशासनिक सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सचिव राहुल भगत, स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, वित्त एवं जनसंपर्क सचिव डॉ. रोहित यादव, आईटी सचिव अंकित आनंद सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।