विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख रुपए की घोषणा
रायपुर, कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर चंदनपुर कर दिया गया है। वर्षों पुरानी ग्रामीणों की मांग पूरी होने के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा शुक्रवार देर रात राजपत्र की प्रति लेकर गांव पहुंचे और ग्रामीणों को नई पहचान मिलने पर बधाई दी। तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण उप मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मौजूद रहे। नाम परिवर्तन की खुशी में ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और उप मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

गांव के विकास के लिए 11.70 लाख रुपए की घोषणा

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गांव में विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख रुपए देने की घोषणा की। इस राशि से सीसी रोड और सामुदायिक भवन से जुड़े कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को दस्तावेजों में गांव का नाम बदलवाने के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। शिविर में आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों में गांव का नाम चंदनपुर दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

राजपत्र में हुआ नाम परिवर्तन का प्रकाशन

छत्तीसगढ़ शासन ने ग्राम चंडालपुर के नाम परिवर्तन का राजपत्र में विधिवत प्रकाशन कर दिया है। इसके बाद चंदनपुर नाम सरकारी अभिलेखों और संबंधित शासकीय वेब पोर्टलों में दर्ज किया जाएगा। विजय शर्मा ने बताया कि ग्रामीण लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग कर रहे थे। स्थानीय लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया। इसके बाद मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा, राज्यपाल की स्वीकृति और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद नाम परिवर्तन का राजपत्र में प्रकाशन किया गया।

जनभावनाओं से जुड़ी है गांव की पहचान

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के नाम केवल किसी स्थान की पहचान नहीं होते, बल्कि उनमें स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और जनभावनाएं भी जुड़ी होती हैं। चंदनपुर नाम से गांव को नई पहचान मिलना ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग और भावना के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे दैनिक व्यवहार और बोलचाल में गांव के नए नाम चंदनपुर का उपयोग करें, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इसी नाम से गांव को जानें और इसकी पहचान आगे कायम रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *