रायपुर : छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों के रूप में स्थापित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा पर्यटन विकास और व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में गुजरात के गांधीनगर में 6 से 8 अगस्त तक आयोजित ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर (TTF) में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने प्रभावी सहभागिता की। मेले में राज्य के प्राकृतिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, धार्मिक और रोमांचक पर्यटन स्थलों को देशभर के पर्यटन प्रतिनिधियों के सामने आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
टीटीएफ गांधीनगर में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के साथ पंजीकृत 26 ट्रैवल एजेंट और होटल व्यवसायियों ने भी हिस्सा लिया। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे ट्रैवल एजेंट, यात्रा संचालक और होटल व्यवसायी छत्तीसगढ़ पवेलियन पहुंचे और राज्य के पर्यटन स्थलों, सुविधाओं तथा पर्यटन संभावनाओं की जानकारी ली।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने करीब 100 वर्ग मीटर क्षेत्र में आकर्षक पवेलियन तैयार किया था। यहां राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय एवं सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों, जलप्रपातों और वन क्षेत्रों को प्रदर्शित किया गया। पवेलियन की प्रस्तुति से प्रभावित होकर कई नए ट्रैवल एजेंट और पर्यटन व्यवसायियों ने छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र से जुड़ने में रुचि दिखाई।
टीटीएफ में छत्तीसगढ़ की सहभागिता को पर्यटन प्रचार और राष्ट्रीय पर्यटन बाजार से राज्य को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे राज्य के पर्यटन स्थलों को देशभर के पर्यटकों तक पहुंचाने के साथ पर्यटन पैकेज, यात्रा सुविधाओं और निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन आयोजनों के माध्यम से राज्य की पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा दे रहा है। इन प्रयासों से पर्यटन क्षेत्र में निवेश, रोजगार, स्थानीय व्यवसाय और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं।