4078145881738806504
14271021545470334915
Chhattisgarh Government Scheme

समाज के सभी वर्गों के लोगों के सर्वांगीण विकास हेतु आम जनता को सुगम पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना छत्तीसगढ़ सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल हैं। इसी मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा आम जनता के बीच पहुँचकर शासन-प्रशासन के कार्यों के मूल्यांकन हेतु सुशासन तिहार 2026 का आयोजन किया जा रहा है, यह वक्तव्य कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग ने आज जिले के गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम मटिया अ में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत समाधान शिविर में कहा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मंच में तलब कर सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों के निराकरण की वास्तविक स्थिति के संबंध में जानकारी ली। समारोह में गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के उपाध्यक्ष श्री नरेश यदु, पूर्व विधायक श्री विरेन्द्र साहू एवं नगर पंचायत गुण्डरदेही के अध्यक्ष श्री प्रमोद जैन के अलावा कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।

मटिया अ में आयोजित समाधान शिविर में हितग्राही एवं ग्रामीणों को शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में आज विभिन्न विभागों से 1556 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें 1390 आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया गया।

इस अवसर पर सांसद श्री नाग ने लोगों के बीच पहुँचकर धरातल पर शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन हेतु सुशासन तिहार 2026 के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाले छत्तीसगढ़ सरकार के हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस सुशासन तिहार के माध्यम से शासन-प्रशासन के लोग आम जनता के बीच पहुँचकर उनके वास्तविक समस्याओं से रूबरू हुए एवं उनकी मांगों एवं समस्याओं का समुचित निराकरण भी सुनिश्चित किया।

श्री नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा देश एवं प्रदेश को विकसित बनाने की दिशा में पूरी ईमानदारी के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों को आत्मसात कर समाज के सभी वर्गों के साथ-साथ अंतिम पंक्ति के लोगों के कल्याण हेतु कार्य कर रही है। इसके लिए केन्द्र व राज्य सरकार के द्वारा समाज के सभी वर्गों के कल्याण हेतु अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस सुशासन तिहार के माध्यम से राज्य सरकार के द्वारा धरातल पर शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति की पड़ताल की जा रही है। श्री नाग ने शिविर में उपस्थित सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों से सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत विभिन्न विभागों से प्राप्त आवेदनों पर संवदेनशीलता के साथ कार्यवाही करते हुए उनका शत प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने को कहा है, जिससे आम जनता को शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर उन्होंने केन्द्र व राज्य सरकार के द्वारा सभी वर्गों के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। श्री नाग ने विभिन्न विभागों के द्वारा सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु की गई कार्यवाही के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न विभागों के द्वारा आम जनता से प्राप्त आवेदनों के समुचित निराकरण हेतु बेहतर कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने राज्य व केन्द्र सरकार के द्वारा आगामी खरीफ सीजन हेतु किसानों के लिए खाद, बीज की समुचित उपलब्धता, पेयजल की समुचित आपूर्ति आदि मूलभूत एवं अतिआवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु की जा रही कार्यों की संबंध में भी जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद ने सभी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को आम जनता से प्राप्त आवेदनों का पूरी संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने को कहा एवं विभागों द्वारा शिविर में प्राप्त आवेदनों के निराकरण हेतु की जा रही कार्यवाही की सराहना की।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि शासन के मंशानुरूप बालोद जिला प्रशासन शासकीय योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित कर इन योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों के लोगों तक पहुँचाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

शिविर में आज सांसद श्री भोजराज नाग, विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर एवं अन्य अतिथियों के द्वारा हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास निर्माण पूर्णता प्रमाण पत्र, श्रम कार्ड वितरण, मत्स्य पालन प्रचार योजना हितग्राहियों को मछली जाल के अलावा दिव्यांग जनों को छड़ी एवं श्रवण यंत्र भी प्रदान किया गया। शिविर में कृषकों को डिजिटल किसान किताब, नवीन राशन कार्ड दिलाने के साथ दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाया गया। शिविर में अतिथियों के द्वारा नन्हें-मुन्हें बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंटकर उनके गोदभराई के रस्म को पूरा किया गया। समाधान शिविर में आज विभिन्न विभागों से कुल 1556 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिसमें से कुल 1390 आवेदनों का निराकरण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *