शुक्रवार को जशपुर जिले के बगीचा में स्थानीय यादव समाज द्वारा आयोजित धार्मिक अष्ट प्रहरी कार्यक्रम में पहुंचे सीएम साय ने छत्तीसगढ़ से नक्सलियों के सफाये के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर दो टूक में जवाब देते हुए, नक्सलियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि, शांति वार्ता के मार्ग से दूर भागने वालों से अब गोली की भाषा से ही निपटा जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकास की मुख्य धारा से जुड़ कर समर्पण करने वाले नक्सलियों को पुनर्वास योजना के तहत विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा नक्सली समस्या का नियत तिथि तक उन्मूलन के लिए हमारे जवान काफी सक्रियता से नक्सलियों का खात्मा कर रहे हैं।

दी कई सौगात

सीएम साय ने शुक्रवार को जशपुर जिले का बगीचा में महाकुल यादव समाज सेवा समिति के द्वारा आयोजित श्री हरि अखंड संकीर्तन नाम यज्ञ चौबीस प्रहरी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पूजा स्थल में राधा कृष्ण, चौतन्य महाप्रभु, गौरांग स्वामी की पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने पूरे भक्तिभाव से हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम का नाम जाप करते हुए पूजा स्थल का परिक्रमा भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महाकुल यादव समाज बगीचा के वृंदावन भवन के विस्तार के लिए 50 लाख रुपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि बगीचा में इंडोर स्टेडियम के निर्माण हेतु पूर्व में की गई घोषणा के अनुरूप शासन द्वारा 2 करोड़ 75 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। साथ ही बगीचा नगर पंचायत क्षेत्र में मंगल भवन के निर्माण के लिए भी एक करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। इन दोनों कार्यों की शुरुआत शीघ्र ही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *