रायपुर : बस्तर में शांति, एकता और विकास का संदेश लेकर बुधवार को नारायणपुर से ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ की शुरुआत हुई। हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड से उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने बाइक पर तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व किया। विभिन्न समाज प्रमुखों ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यात्रा उन इलाकों से होकर गुजर रही है, जो लंबे समय तक नक्सली घटनाओं से प्रभावित रहे हैं। इसका उद्देश्य देश-दुनिया को बस्तर में आए बदलाव का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि अब इन क्षेत्रों में तिरंगा पूरे सम्मान के साथ लहर रहा है और विकास की नई राह खुल रही है।

14 अगस्त को कर्रेगुट्टा में होगा समापन

तीन दिन की यह यात्रा नारायणपुर से शुरू होकर दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर के संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरेगी। यात्रा के दौरान उन स्थानों की मिट्टी भी एकत्र की जाएगी, जहां जवानों और नागरिकों ने शहादत दी। इसका उपयोग भविष्य में बनने वाले स्मारक में किया जाएगा। 14 अगस्त को बीजापुर की कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर तिरंगा फहराने के साथ यात्रा का समापन होगा।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कभी नक्सल गतिविधियों के केंद्र रहे इलाकों से आज तिरंगा यात्रा निकलना बस्तर में बदलते माहौल का संकेत है। सरकार अब सड़क, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और लघु वनोपज के प्रसंस्करण के जरिए इन क्षेत्रों में विकास को आगे बढ़ाने पर जोर दे रही है।

पहले दिन यात्रा नारायणपुर से मुंजमेटा, झारागांव, धौड़ाई, कन्हारगांव, कड़ेनार, बोदली, सातधार और बारसुर होते हुए दंतेवाड़ा पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *