रायपुर : धमतरी जिले के जीजामगांव स्थित नवीन शासकीय आईटीआई में सत्र 2026-27 से पहली बार ‘मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल’ ट्रेड शुरू किया गया है। इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल और ऑटोमोबाइल सेक्टर में हो रहे बदलावों को देखते हुए इसे युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
दो साल के इस पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक के साथ बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS), मोटर कंट्रोल, चार्जिंग सिस्टम, सर्विसिंग और फॉल्ट डायग्नोसिस का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। फिलहाल यह ट्रेड छत्तीसगढ़ के चुनिंदा पांच शासकीय आईटीआई में संचालित है।
सर्विस सेंटर से लेकर कंपनियों तक बढ़ेंगे अवसर
ई-व्हीकल के बढ़ते चलन के साथ अधिकृत सर्विस सेंटर, वाहन निर्माण कंपनियों, चार्जिंग स्टेशन और बैटरी सेवा इकाइयों में प्रशिक्षित तकनीशियनों की मांग बढ़ने की संभावना है। प्रशिक्षण के बाद युवा अपना सर्विस सेंटर या तकनीकी सेवा शुरू कर स्वरोजगार भी कर सकेंगे।
जीजामगांव क्षेत्र में फॉरेस्ट पार्क, फूड पार्क सहित विभिन्न विकास गतिविधियां भी तेजी से बढ़ रही हैं। आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीयन और चॉइस फिलिंग शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा।