बालोद जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण अभियान चलाकर अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर 05 वाहनों को जब्त किया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
जिला खनिज अधिकारी श्री प्रवीण चंद्राकर ने बताया कि 23 मई 2026 को खनिज विभाग की टीम द्वारा गुण्डरदेही विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम सिकोसा, खेरूद, बघमरा, चिचलगोंदी, देवरी ख, रेंगकठेरा एवं अर्जुंदा सहित आसपास के क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खनिज रेत का अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण करते पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 05 वाहनों को जब्त किया गया।
जब्त किए गए वाहनों में रेत से भरी 03 हाइवा एवं 02 ट्रैक्टर शामिल हैं। सभी वाहनों को थाना आरक्षी केन्द्र गुण्डरदेही एवं अर्जुंदा की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने दोहराया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।