बिलासपुर, सेवा संकल्प अभियान को लेकर बिलासपुर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने जिला मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी गतिविधियों को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखने के निर्देश दिए।
चारों विकासखंडों से निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा
अभियान के तहत 7 अक्टूबर को मस्तूरी, बिल्हा, कोटा और तखतपुर विकासखंडों में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। उप मुख्यमंत्री ने यात्रा के रूट चार्ट, सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की भागीदारी को लेकर जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। चारों यात्राओं का समापन जिला मुख्यालय स्थित बहतराई स्टेडियम में होगा। यहां सभा का आयोजन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के नाम संबोधन को सुनने की व्यवस्था की जाएगी।
रंगोली में दिखेगा सेवा का संदेश
‘सेवा का रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर जिले के नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों में आकर्षक रंगोली बनाई जाएगी। इनमें सेवा संकल्प अभियान से जुड़े संदेशों को प्रमुखता दी जाएगी। कार्यक्रम में महिला स्वसहायता समूहों, स्कूली छात्राओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भागीदारी रहेगी।
आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन मिलन सेवा’
अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसे उत्सव के रूप में मनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और किशोरी बालिकाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य जांच, पोषण संबंधी सलाह और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
1 अक्टूबर को सरकारी दफ्तरों में चलेगा स्वच्छता अभियान
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 1 अक्टूबर को जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। कार्यालयों के अंदर और आसपास सफाई के साथ-साथ अरपा नदी के प्रमुख घाटों पर भी स्वच्छता अभियान आयोजित होगा।
बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अभियान की आगामी गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी दी। इस दौरान विधायक धरमलाल कौशिक और सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, दीपक ठाकुर, मोहित जायसवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी मौजूद रहे।