बेमेतरा, सेवा संकल्प अभियान के तहत बेमेतरा जिले में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने जिला मुख्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अलग-अलग विभागों के नोडल अधिकारियों से प्रस्तावित गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी ली और अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक दीपेश साहू और ईश्वर साहू भी मौजूद रहे। अरुण साव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखा जाए। इसका उद्देश्य शासन-प्रशासन को जनता के प्रति अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बनाना है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चारों विकासखंडों से गुजरेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा

अभियान के तहत बेमेतरा, बेरला, नवागढ़ और साजा विकासखंडों में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा ग्राम पंचायतों से होकर गुजरेगी और सेवा, समर्पण, स्वच्छता व सुशासन का संदेश लोगों तक पहुंचाएगी। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यात्रा के रूट, सुरक्षा व्यवस्था और जनभागीदारी की तैयारी समय पर पूरी करने को कहा। यात्रा के जिला मुख्यालय में समापन के साथ सभा आयोजित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के नाम संबोधन को सुनने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

रंगोली के जरिए दिया जाएगा सेवा का संदेश

‘सेवा का रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर जिले के नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों में विशेष रंगोली बनाई जाएगी। इसमें सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों और जनसेवा से जुड़े संदेशों को उकेरा जाएगा। कार्यक्रम में महिला स्वसहायता समूहों, स्कूली छात्राओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन मिलन सेवा’

महिला एवं बाल विकास विभाग को ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और किशोरी बालिकाओं की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए स्वास्थ्य जांच, पोषण परामर्श और शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

स्कूलों में खेल गतिविधियों पर जोर

समीक्षा बैठक में बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेल गतिविधियों को नियमित करने पर भी जोर दिया गया। उप मुख्यमंत्री ने सभी स्कूलों में प्रतिदिन खेल पीरियड रखने और बच्चों को नियमित अभ्यास कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेमेतरा नवाचार के क्षेत्र में आगे रहा है और सेवा संकल्प अभियान के आयोजन में भी जिले को बेहतर उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जनपद पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र साहू, माधुरी परगनिहा और हेमा दिवाकर सहित अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *