राहत शिविर में भोजन, पानी और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध, तटीय इलाकों में लगातार निगरानी
रायपुर, 28 सितंबर 2026। महानदी में बढ़ते जलस्तर और जांजगीर-चांपा जिले के तटीय इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शिवरीनारायण पहुंचकर बैराज, पुल और प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। अधिकारियों ने जलस्तर और नदी के बहाव की स्थिति देखने के साथ सुरक्षा व्यवस्था और राहत-बचाव की तैयारियों की जानकारी ली।
कलेक्टर-एसपी ने श्री महंत लालदास महाविद्यालय में बनाए गए राहत शिविर का भी निरीक्षण किया। यहां प्रभावित लोगों के ठहरने के साथ भोजन, स्वच्छ पेयजल, बिजली, शौचालय और साफ-सफाई जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अधिकारियों ने राहत शिविर में रह रहे लोगों की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए पुल पर आवागमन बंद
महानदी में पानी का बहाव बढ़ने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर पुल पर आवागमन रोक दिया गया है। पुल और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी, घाट और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है। संवेदनशील क्षेत्रों में जलस्तर और आवागमन की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य टीमें तैनात
जलभराव वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हैं। नागरिकों की स्वास्थ्य जांच के साथ जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। जलभराव से होने वाली बीमारियों और संक्रमण की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े जरूरी इंतजाम भी किए जा रहे हैं।
राजस्व, पुलिस, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए मानव संसाधन और जरूरी उपकरण तैयार रखे गए हैं।
तटीय गांवों में मुनादी कर लोगों को किया जा रहा सतर्क
प्रशासन की ओर से तटीय और संवेदनशील क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। नागरिकों को जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सावधानी बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है। नदी, पुल-पुलियों और प्रमुख आवागमन मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से नदी और तेज बहाव वाले पानी के पास सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए जोखिम नहीं उठाने की अपील की है। सुरक्षा कारणों से बंद किए गए रास्तों और स्थानों पर जाने से भी बचने कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की गई है।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका शिवरीनारायण के अध्यक्ष राहुल थवाईत, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, एसडीएम शिवरीनारायण भावना साहू, कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।