रायपुर, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में जगह बनाने के लिए खिलाड़ियों ने मैदान पर अपना दमखम दिखाना शुरू कर दिया है। रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में सोमवार से दो दिवसीय चयन ट्रायल शुरू हुआ। पहले दिन पंजीकृत 373 खिलाड़ियों में से 223 खिलाड़ी ट्रायल में शामिल हुए।
ट्रायल के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव भी स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और मैदान पर उनकी तैयारियों को देखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की मजबूत परंपरा रही है और ट्रायल में खिलाड़ियों की भागीदारी इस खेल के प्रति उनके उत्साह को दिखाती है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के जरिए राज्य के युवा खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
छह टीमों के लिए हो रहा खिलाड़ियों का चयन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शामिल होने वाली छह टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन इसी ट्रायल के जरिए किया जा रहा है। चयन प्रक्रिया छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार हो रही है। खेल अधिकारियों, विशेषज्ञ प्रशिक्षकों, हॉकी संघ के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ खिलाड़ियों के पैनल की निगरानी में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया जा रहा है।
चयन पैनल में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी दीनू प्रसाद पटेल, रायपुर की वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक रश्मि संध्या एक्का, बिलासपुर के वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे, राजनांदगांव के अनुराग श्रीवास्तव और वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी अमिताभ मानिकपुरी शामिल हैं।
29 सितंबर को भी जारी रहेगा ट्रायल
दो दिवसीय चयन ट्रायल का दूसरा दिन 29 सितंबर को सुबह 9 बजे से शुरू होगा। ट्रायल पूरा होने के बाद चयनित खिलाड़ियों की सूची और चयन प्रक्रिया से जुड़ी रिपोर्ट खेल संचालनालय को सौंपी जाएगी। इसी के आधार पर लीग की छह टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
21 अक्टूबर से शुरू होगा लीग का पहला सीजन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, रायपुर में खेला जाएगा। लीग में राजधानी रॉयल्स, चित्रकोट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स की छह टीमें हिस्सा लेंगी।
प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी होंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के 18 खिलाड़ियों के साथ राज्य के बाहर के चार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल होंगे। लीग का उद्देश्य राज्य के युवा हॉकी खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच देना और उन्हें आगे बढ़ने के ज्यादा अवसर उपलब्ध कराना है। ‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ टैगलाइन के साथ आयोजित होने वाली यह लीग प्रदेश में हॉकी के लिए नए अवसर तैयार करने की दिशा में एक पहल के रूप में देखी जा रही है।