रायपुर, छत्तीसगढ़ में सरकारी विभागों के डेटा की सुरक्षा और उनके बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान को बेहतर बनाने की दिशा में पहल की जा रही है। इसी उद्देश्य से मंत्रालय महानदी भवन में स्टेट डेटा गवर्नेंस कमेटी की पहली बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) एक्ट, 2023 के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रदेश में मजबूत डेटा गवर्नेंस प्रणाली विकसित करने पर चर्चा हुई।

बैठक में वर्ष 2027 तक डीपीडीपी एक्ट के क्रियान्वयन की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसमें नागरिकों के व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा, उसके रखरखाव की जिम्मेदारी और सरकारी विभागों की जवाबदेही जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही नागरिकों को अपने डेटा की जानकारी प्राप्त करने, उसमें सुधार कराने, उसे हटाने का अनुरोध करने, शिकायत दर्ज कराने और अपनी सहमति वापस लेने जैसे अधिकारों के बारे में भी चर्चा हुई।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी सरकारी विभागों के एप्लीकेशन में नागरिकों की सहमति लेने के लिए एक केंद्रीकृत कंसेंट मॉड्यूल विकसित किया जाए। यह व्यवस्था सरल, सुरक्षित और स्वचालित होनी चाहिए, ताकि सभी विभागों में सहमति प्रबंधन की एक समान प्रणाली लागू हो सके। डेटा सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर (SOC) के माध्यम से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में छत्तीसगढ़ शासन के डेटा एक्सचेंज प्लेटफॉर्म ‘डिजिटल द्वार’ के विकास और प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा हुई। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों के बीच डेटा का सुरक्षित और व्यवस्थित आदान-प्रदान किया जा सकेगा। इससे नीतियों के निर्माण और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलने की उम्मीद है।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को डीपीडीपी एक्ट और डिजिटल द्वार प्लेटफॉर्म की जानकारी देने के लिए कार्यशाला आयोजित करने तथा इसकी आगामी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, आदिम जाति विकास विभाग के सचिव भुवनेश यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *