रायपुर, छत्तीसगढ़ सरकार ‘न्यूनतम सरकार, अधिकतम सुशासन’ के सिद्धांत पर काम कर रही है। राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाया जा रहा है। यह बात वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने प्रधान महालेखाकार कार्यालय में आयोजित ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही।
भारतीय लेखा परीक्षा एवं लेखा विभाग के तत्वावधान में आयोजित लेखा परीक्षा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत इस कार्यशाला का आयोजन किया गया। मंत्री देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक और खनिज संसाधनों से समृद्ध राज्य है, जहां उद्योग स्थापना की व्यापक संभावनाएं हैं। नई औद्योगिक नीति 2024-30 के माध्यम से राज्य में निवेश बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बना है, जिसने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से संबंधित अधिनियम विधानसभा में पारित किया है। इसका उद्देश्य निवेशकों और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इसके लिए शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रक्रियाओं के माध्यम से सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उद्योग जगत और विभिन्न विभागों से सुझाव लेकर पुराने नियमों में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं। साथ ही नए नियम भी तैयार किए जा रहे हैं। शासन की योजनाओं और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने में सीएजी विभाग की भूमिका को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।
कार्यशाला में चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा ने औद्योगिक विकास, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) और सिंगल विंडो डिजिटल कम्प्लायंस की उपयोगिता पर विचार रखे। वहीं सीए किशोर बरड़िया ने जीएसटी अनुपालन को सरल और पारदर्शी बनाने के साथ वास्तविक करदाताओं के हितों के संरक्षण पर जोर दिया।
इस अवसर पर प्रधान महालेखाकार यशवंत कुमार, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थौरानी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित महालेखाकार कार्यालय के अधिकारी, चेम्बर के सदस्य और विश्वविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।