रायपुर, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ की 39 लाख 73 हजार से अधिक महिलाओं को एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। इससे ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की महिलाओं को लकड़ी, कोयले और उपलों के पारंपरिक चूल्हों से निकलने वाले धुएं से राहत मिली है। स्वच्छ ईंधन की सुविधा से महिलाओं के स्वास्थ्य, समय और जीवनशैली में बदलाव आया है।
पारंपरिक चूल्हों पर खाना बनाने के दौरान महिलाओं को घंटों धुएं के बीच रहना पड़ता था। इससे आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी और श्वसन संबंधी बीमारियों का खतरा बना रहता था। उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी कनेक्शन मिलने से अब महिलाएं स्वच्छ वातावरण में आसानी से भोजन तैयार कर पा रही हैं। बस्तर के वनांचल से लेकर सरगुजा के ग्रामीण क्षेत्रों तक इस योजना का लाभ पहुंचा है।
गैस कनेक्शन मिलने से महिलाओं के समय और मेहनत की भी बचत हो रही है। पहले जलाऊ लकड़ी जुटाने और चूल्हा जलाने में काफी समय खर्च होता था। अब इस समय का उपयोग महिलाएं बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्यों और आजीविका से जुड़ी गतिविधियों में कर पा रही हैं। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को एलपीजी कनेक्शन, गैस चूल्हा और पहला रिफिल निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है।
उज्ज्वला योजना का असर विभिन्न जिलों में भी देखने को मिला है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर जिले में 2 लाख 94 हजार 134, जांजगीर-चांपा में 2 लाख 74 हजार 650, रायगढ़ में 2 लाख 30 हजार 101, बलौदाबाजार-भाटापारा में 2 लाख 27 हजार 132 और महासमुंद में 1 लाख 93 हजार 464 महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं। इसी तरह कोरबा में 1 लाख 55 हजार 683, जशपुर में 1 लाख 42 हजार 185, बस्तर में 1 लाख 33 हजार 555, बेमेतरा में 1 लाख 33 हजार 377, धमतरी में 1 लाख 28 हजार 643, कबीरधाम में 1 लाख 20 हजार 895 और मुंगेली में 1 लाख 19 हजार 549 महिलाओं को योजना का लाभ मिला है।
योजना से लाभान्वित महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए हैं। जशपुर जिले के बगीचा निवासी क्रांति यादव ने बताया कि पहले लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने के दौरान धुएं से आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होती थी। अब गैस कनेक्शन मिलने से उन्हें राहत मिलेगी। वहीं ग्राम मड़िया निवासी फूलमती नगेसिया ने कहा कि गैस से अब खाना जल्दी और साफ-सुथरे तरीके से बन सकेगा।
राजनांदगांव जिले के मेड़ेसरा निवासी राजेश्वरी साहू और रवेली निवासी परमेश्वरी वर्मा ने भी गैस कनेक्शन मिलने पर खुशी जताई। परमेश्वरी वर्मा के अनुसार पहले चूल्हे के धुएं से छोटे बच्चों को भी परेशानी होती थी। अब गैस सुविधा से परिवार को राहत मिलेगी। महिलाओं के नाम पर गैस कनेक्शन जारी होने से परिवार में उनकी भागीदारी और निर्णय लेने की भूमिका को भी बढ़ावा मिला है।
एलपीजी के उपयोग से जलाऊ लकड़ी पर निर्भरता कम करने और वन संसाधनों पर दबाव घटाने में भी मदद मिल सकती है। इस तरह प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना स्वच्छ ईंधन की उपलब्धता के साथ महिलाओं के स्वास्थ्य, समय की बचत और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ी हुई है।