रायपुर, छत्तीसगढ़ी भाषा और स्थानीय बोलियों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रदेश के सभी जिलों के शासकीय विद्यालयों में 27 नवंबर से 5 दिसंबर तक ‘महतारी भाखा सम्मान सप्ताह’ आयोजित किया जाएगा। छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा, स्थानीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। इसके लिए संस्कृति विभाग ने स्कूल शिक्षा विभाग को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
इस सप्ताह के दौरान मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए निबंध, भाषण, वाद-विवाद और लोकगीत प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ी और स्थानीय बोलियों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मिडिल स्कूलों में 27 नवंबर को निबंध प्रतियोगिता होगी। 28 नवंबर को छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा रायपुर में राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ी दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 30 नवंबर को मिडिल स्कूलों में भाषण, 1 दिसंबर को हाई स्कूलों में वाद-विवाद और 2 दिसंबर को लोकगीत प्रतियोगिता होगी। वहीं हायर सेकेंडरी स्कूलों में 3 दिसंबर को निबंध और 4 दिसंबर को भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 5 दिसंबर को महाविद्यालय स्तर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता होगी।
प्रतियोगिताओं के लिए निबंध लेखन में अधिकतम 200 शब्द और 45 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। वहीं भाषण, वाद-विवाद और लोकगीत प्रतियोगिताओं में प्रत्येक प्रतिभागी को पांच मिनट का समय मिलेगा। आयोजन स्थल और निर्णायक मंडल का चयन स्कूल शिक्षा विभाग करेगा।
प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संस्कृति विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सभी जिलों को प्रतियोगिताओं, प्रतिभागियों की संख्या और विजेताओं की जानकारी निर्धारित प्रारूप में विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की स्थापना 14 अगस्त 2008 को हुई थी। आयोग छत्तीसगढ़ी सहित स्थानीय भाषाओं और बोलियों के अनुसंधान, साहित्य सृजन, अनुवाद तथा प्रचार-प्रसार के लिए कार्य कर रहा है। महतारी भाखा सम्मान सप्ताह के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी भाषाई और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।