रायपुर, छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में सड़क और पुलिया निर्माण सहित 15 विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ 49 लाख 83 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने स्वीकृति आदेश जारी कर दिए हैं। इन कार्यों के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट से अधोसंरचना मद में राशि मंजूर की गई है।
स्वीकृत कार्यों में 4 करोड़ 8 लाख 90 हजार रुपये की लागत से 11 बीटी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा 60 लाख 10 हजार रुपये की लागत से दो सीसी रोड और 80 लाख 83 हजार रुपये की लागत से दो पुलियों का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से नगर के विभिन्न वार्डों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
वार्ड क्रमांक 1 में कॉलेज रोड से जेल रोड तक बीटी सड़क के लिए 25 लाख 61 हजार रुपये तथा वार्ड 2-3 में सिविल कोर्ट से गौरव पथ अपेक्स बैंक तक सड़क निर्माण के लिए 40 लाख 9 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं वार्ड 4-5 में जनपद पंचायत कार्यालय से इंडोर स्टेडियम तक सीसी रोड के लिए 48 लाख 12 हजार रुपये और वार्ड 5 में सीसी रोड के लिए 11 लाख 98 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसी तरह वार्ड 7 में बीटी रोड के लिए 31 लाख 71 हजार रुपये और ठाकुर राउर चौक से रायपुर रोड नाका नंबर-5 तक सड़क निर्माण के लिए 47 लाख 69 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। अटल परिसर से नंदा चौक तक 37 लाख 87 हजार रुपये तथा अटल परिसर से आजाद चौक तक सड़क निर्माण के लिए 35 लाख 20 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। नंदा चौक से दौलत चौक होते हुए शनि मंदिर तक सड़क के लिए 36 लाख 15 हजार रुपये और साप्ताहिक बाजार से देवघरा चौक तक सड़क निर्माण के लिए 49 लाख 92 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा बुटीपारा से कमला नगर को जोड़ने वाली सड़क के लिए 67 लाख 93 हजार रुपये और घोघरा नाला के पास आरसीसी पुलिया निर्माण के लिए 12 लाख 90 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। छोटे मठ से कमला नगर इंदिरा चौक तक सड़क के लिए 45 लाख 8 हजार रुपये, अस्पताल चौक पैलपारा से शहीद स्मारक तक सड़क के लिए 17 लाख 95 हजार रुपये तथा वार्ड 15 में बीटी सड़क निर्माण के लिए 40 लाख 63 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।