20 से 22 फरवरी तक होगा तीन दिवसीय आयोजन, सुरंग टीला में शुरू होगा लाइट एंड साउंड शो; 34 गांवों के लोक कलाकारों को मिलेगा मंच रायपुर, छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और पुरातात्त्विक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए महासमुंद जिले के सिरपुर में 20 से 22 फरवरी 2027 तक तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव आयोजित किया जाएगा। ‘संगीति’ की अवधारणा पर आधारित इस महोत्सव में इतिहास, अध्यात्म, कला, संस्कृति और पर्यटन का संगम देखने को मिलेगा। आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन की अध्यक्षता में मंत्रालय में आयोजित अंतरविभागीय बैठक में महोत्सव की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धम्मशील गणवीर ने आयोजन से जुड़े प्रस्तावों की जानकारी दी। सचिव ने संबंधित विभागों को समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। सुरंग टीला में दिखेगी सिरपुर की गौरवगाथा महोत्सव का प्रमुख आकर्षण ऐतिहासिक सुरंग टीला में शुरू होने वाला प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रम होगा। इसके जरिए सिरपुर के गौरवशाली इतिहास, पुरातात्त्विक विरासत और चीनी यात्री ह्वेनसांग की यात्रा से जुड़े प्रसंगों को प्रस्तुत किया जाएगा। महोत्सव के दौरान इसका शुभारंभ होगा और इसके बाद भी यह कार्यक्रम जारी रहेगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण और राज्य पुरातत्त्व संचालनालय को समन्वय से तैयारियां करने को कहा गया है। 34 गांवों के कलाकारों को मिलेगा मंच महोत्सव में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और पारंपरिक नृत्य विधाओं को विशेष स्थान दिया जाएगा। इसके लिए 34 गांवों के पारंपरिक नृत्य दलों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक स्थानीय और क्षेत्रीय कलाकार प्रस्तुतियां देंगे, जबकि शाम 5 से रात 10 बजे तक राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन महोत्सव की विषयवस्तु और कलात्मक गुणवत्ता के आधार पर किया जाएगा। योग, ध्यान और साहसिक पर्यटन भी होंगे आकर्षण महोत्सव में प्रदर्शनी, योग, ध्यान और पतंग उत्सव जैसी गतिविधियां आयोजित करने की योजना है। पर्यटकों के लिए तंबू नगरी, गर्म हवा के गुब्बारे की सवारी, नौका विहार और साहसिक खेलों की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। ऐतिहासिक स्मारकों को आवश्यक अनुमति के बाद आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। साथ ही सिरपुर की विरासत और महोत्सव पर विशेष वृत्तचित्र फिल्म तैयार की जाएगी, जिसे दिसंबर 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा पर रहेगा जोर आयोजन के दौरान आवास, आवागमन और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। आसपास के होटल और पर्यटन विश्रामगृहों की क्षमता तथा सुविधाओं का आकलन किया जाएगा। आयोजन स्थलों के चयन में सुगम पहुंच, पर्याप्त जगह और दर्शकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। महोत्सव के प्रचार-प्रसार और वित्तीय सहभागिता बढ़ाने के लिए विज्ञापन एवं प्रायोजन की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। अधिकारियों को नियमित समीक्षा के जरिए तैयारियों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *