मुख्यमंत्री बोले- मैं किसान का बेटा हूं, खेती की कठिनाइयों को समझता हूं; धान खरीदी व्यवस्था को बनाया जा रहा सुविधाजनक और पारदर्शी रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की आर्थिक समृद्धि और खुशहाली के लिए लगातार काम कर रही है। इस वर्ष कम उत्पादन वाले किसानों को भी राहत देने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि का लाभ दिया जाएगा। पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में खेती की परिस्थितियां और उत्पादन क्षमता एक जैसी नहीं हैं। कई इलाकों में किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन नहीं कर पाते। ऐसे में कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित 21 क्विंटल की सीमा तक अंतर की राशि उनके बैंक खातों में देने का निर्णय लिया गया है, ताकि कोई किसान कम उत्पादन के कारण इस लाभ से वंचित न रहे। किसानों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से हैं और खेती-किसानी की कठिनाइयों तथा अन्नदाताओं की जरूरतों को अच्छी तरह समझते हैं। सरकार का प्रयास है कि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए खरीदी व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाया जा रहा है। किसानों को अधिक से अधिक सुविधाएं घर बैठे उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य देने और उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल सुनिश्चित करने के लिए निर्णय ले रही है। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में किसानों को देश में सर्वाधिक आर्थिक लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। धान खरीदी, आर्थिक सहायता और सुविधाओं के विस्तार के जरिए खेती को लाभकारी बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उनके अनुसार किसानों की समृद्धि ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *