लोक निर्माण विभाग के सचिव ने की समीक्षा, मुख्य अभियंताओं को सप्ताह में दो दिन फील्ड निरीक्षण के निर्देशरायपुर, लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए निविदा स्वीकृत होने के 15 दिनों के भीतर चयनित ठेकेदारों और एजेंसियों को कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वर्किंग सीजन का पूरा उपयोग करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में सचिव ने पांचों परिक्षेत्रों, सेतु बंध, विद्युत एवं यांत्रिकी, राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख अभियंता कार्यालय के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान निर्माणाधीन भवनों, सड़कों और पुलों के साथ नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया की स्थिति पर भी चर्चा हुई। उन्होंने मुख्य अभियंताओं को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में जाकर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति की निगरानी करने को कहा।
ठेकेदारों के काम और भुगतान की होगी नियमित निगरानी
बंसल ने ठेकेदारों के कार्यों की सख्ती से मॉनिटरिंग करने और उन्हें नियमित भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य अभियंताओं से अधीक्षण अभियंता से लेकर उप अभियंता तक की बैठक लेकर कामकाज की नियमित समीक्षा करने को कहा। वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण शुरू कराने तथा भौतिक और वित्तीय प्रगति बढ़ाने पर भी जोर दिया।
खराब निर्माण कार्य दोबारा कराने के निर्देश
सचिव ने गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप दोबारा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मानपुर-कोहका और गरियाबंद में राष्ट्रीय राजमार्ग के हिस्सों के साथ कबीरधाम जिले में परफॉर्मेंस गारंटी के तहत आने वाले बानौ-कान्हाभैरा मार्ग के खराब हिस्सों को उखाड़कर फिर से बनाने को कहा। उन्होंने निर्माण सामग्री और कार्यों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जमा मद के कार्यों, भू-अर्जन, वन-व्यपवर्तन, न्यायालयीन मामलों, अनुकंपा नियुक्ति और पेंशन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा सीएम-हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी और सीपीग्राम्स में दर्ज जन शिकायतों के निराकरण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। बैठक में प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, सीजीआरआईडीसीएल के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, उप सचिव अंशिका पाण्डेय सहित विभाग के सभी मुख्य अभियंता उपस्थित थे।